रामकुमार गुप्ता आरंग : आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता के सीजन-1 के फाइनल मुकाबले में पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद को 9 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं तीसरे स्थान के लिए खेले गए रोमांचक मुकाबले में सृजन सोनकर स्कूल आरंग ने द आरंभ स्कूल नरदहा को 1 विकेट से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के फाइनल दिवस का शुभारंभ जनपद पंचायत आरंग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद पांडे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर एवं अध्यक्ष अमन साहू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस कराकर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
तीसरे स्थान के लिए सृजन सोनकर स्कूल ने मारी बाजी
दिन का पहला मुकाबला तीसरे स्थान के लिए सृजन सोनकर स्कूल आरंग और द आरंभ स्कूल नरदहा के बीच खेला गया। सृजन सोनकर स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी द आरंभ स्कूल नरदहा की शुरुआत धीमी रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। सिद्धार्थ के 22 रन तथा पार्थ और भव्य के 18-18 रनों की संघर्षपूर्ण पारियों की बदौलत टीम 18.5 ओवर में 90 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
सृजन सोनकर स्कूल की ओर से पुष्पेंद्र धीवर, तौसीफ चौहान, भावेश सोनकर और सौरभ ने 2-2 विकेट तथा अमन ने 1 विकेट हासिल किया।
91 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सृजन सोनकर स्कूल की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और लगातार विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया। हालांकि मध्यक्रम में अमन के 30 रन, तामेश के 24 रन और सागर के 12 रनों की उपयोगी पारियों ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया। कड़े संघर्ष के बाद सृजन सोनकर स्कूल ने 1 विकेट से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। द आरंभ स्कूल की ओर से आदर्श और मोहित ने 3-3 विकेट तथा शौर्य, अभिमन्यु और सिद्धार्थ ने 1-1 विकेट लेकर मुकाबले में वापसी की भरपूर कोशिश की। शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लेने वाले तौसीफ चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल में अरुंधति देवी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 9 विकेट से जीता खिताब
प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद और पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग के बीच खेला गया। स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। फाइनल मुकाबले के दबाव में टीम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। अमन खान के 14 रन और सौरभ के 11 रनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाया। पूरी टीम 12.1 ओवर में मात्र 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग की ओर से तन्मय, मोनिष और आदित्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि पृथ्वी ने 1 विकेट हासिल किया।
जीत के लिए मिले 70 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। पृथ्वी साहू के नाबाद 29 रन और ईशांत डहरिया के 22 रनों की शानदार पारियों की बदौलत टीम ने महज 10 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता के प्रथम सीजन का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में 3 विकेट लेने वाले मोनिष साहू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
समापन समारोह में विजेता एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन तथा पार्षद प्रतिनिधि खिलेश धुरंधर, वेदप्रकाश देवांगन, आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू एवं सचिव मनीष सोनकर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को निखारने के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर कोमल जांगड़े को बेस्ट बैट्समैन, सौरभ साहू को बेस्ट बॉलर, पृथ्वी साहू को बेस्ट ऑलराउंडर, लक्ष्मी नारायण को बेस्ट विकेटकीपर तथा ईशांत डहरिया को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। वहीं रियांश चंद्राकर और रुद्राक्ष को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट तथा शुभ ढीढ़ी को पावर गर्ल्स ऑफ टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, व्यायाम शिक्षक एवं शिक्षकगण, आरंग युवा एवं खेल संगठन के सदस्य तथा आरंग क्रिकेट क्लब से अश्वनी रात्रे, राजेश्वरी रात्रे और अनुज साहू सहित खेलप्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिला।