किरंदुल : बच्चों की सुरक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी सोच को सार्थक करते हुए कुआकोंडा ब्लॉक के अंतर्गत संकुल किरंदुल ग्रामीण के प्राथमिक शाला पेरपा सरपंचपारा, पंचायत मड़ादी में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल की गई है।
शासकीय प्राथमिक शाला पेरपा सरपंचपारा की प्रधान पाठक श्रीमती प्रेमलता साहू ने अपने निजी खर्च से विद्यालय के समीप सड़क सुरक्षा चेतावनी बोर्ड लगवाया है।
विद्यालय सड़क किनारे स्थित होने के कारण यहां अध्ययनरत छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा हमेशा चिंता का विषय बनी रहती थी। विद्यालय के समीप से भारी वाहनों का आवागमन होता है तथा सड़क पर मोड़ होने के कारण बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रधान पाठक ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को विद्यालय क्षेत्र के प्रति सचेत करना, धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक करना तथा बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना है।
जनप्रतिनिधियों का मिला सहयोग
इस सराहनीय कार्य में जिला पंचायत सदस्य * सोमारू कड़ती, सरपंच राजू कड़ती, वार्ड पंच* तथा ग्राम पंचायत मड़ादी का सहयोग एवं सहमति प्राप्त हुई। सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रधान पाठक के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाया गया यह कदम पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रधान पाठक श्रीमती प्रेमलता साहू का यह प्रयास दर्शाता है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील सोच, व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
एक शिक्षक की भूमिका केवल बच्चों को शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य और जीवन की रक्षा के लिए प्रयास करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है। स्वयं के खर्च से उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से अन्य विद्यालयों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरणा बनेगा।