November 23, 2026


ठेकेदार की सुस्ती से सुस्त पड़ी रफ्तार : खैरागढ़ राजनांदगांव मानपुर सड़क का निर्माण ठप मशीनें भी भेज दी

काम रोक सड़क अधूरी छोड़, राहगीरों को खतरे की ओर धकेला मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र को जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्ग पर हजारों वाहनों की आवाजाही

राजनांदगांव: मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा को जोड़ने वाले 380 करोड़ के निर्माणाधीन खैरागढ़-राजनांदगांव-मानपुर राज्यमार्ग का सड़क का रास्ता ठेकेदार फर्म ने रोक दिया है। राजनांदगांव से खैरागढ़ और राजनांदगांव से गुंडरदेही तक चल रहा निर्माण तीन दिनों से बंद है। निर्माण में लगी मशीनों को कच्चे, अंतागढ़ और मोहला भेज दिया गया है।

राजनांदगांव से मानपुर की ओर लगभग 42 किमी सड़क शुरुआती चरण के बाद यूं ही छोड़ दी गई है। खैरागढ़ की ओर भी लगभग 15 किमी का रास्ता इसी स्थिति में है। इसके चलते लगभग 48 हजार व्यवसायिक वाहन लंबा रास्ता लेने या निर्माणाधीन जर्जर रास्ते से गुजर रहे हैं। अन्य राहगीर धूल के गुबार और खतरे मोल लेते हुए सफर करने बेबस हैं। जो परिस्थितियां बनीं हैं वे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रही है।

लोक निर्माण विभाग भी ठेकेदार से काम शुरु नहीं करवा पा रहा है। अलबत्ता ठेकेदार ने निर्माण में लगे वाहनों को दूसरी जगहों पर भेज दिया है। साफ है कि ठेकेदार पूरी तरह निर्माण ठप कर आगे बढ़ने की तैयारी में है जिससे परेशानी काफी ज्यादा बढ़ सकती है। विभाग के मुताबिक राजनांदगांव से गुंडरदेही तक सड़क का 35 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। जबकि राजनांदगांव से खैरागढ़ की सड़क 80 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।

राजनांदगांव से मानपुर की ओर जाने वाली सड़क की खुदाई की जा चुकी है। गुंडरदेही तक निर्माणाधीन सड़क में सबग्रेड का काम पूरा किया जा चुका है। 16 किमी में जीएसबी, आठ किमी में डब्ल्यूएमएम का काम होने के बाद इसे अधूरा छोड़ दिया गया है। इस स्थिति में सड़क पर धूल का भारी गुबार उठ रहा है। इसके बीच से गुजरते हुए सामने से आने वाली गाडि़यां भी नहीं दिखती। वहीं अधूरे निर्माण के चलते इसमें सुरक्षित चल पाना भी मुश्किल है।

 हजारों गाडि़यों का दबाव, यही सबसे बड़ा खतरा

राजनांदगांव से मानपुर के रास्ते पर प्रतिदिन 25 हजार व्यवसायिक वाहनों का दबाव होता है। निर्माणाधीन सड़क पर इन वाहनों को और इनसे ही सबसे बड़ा खतरा है। कई गाडि़यां तो दल्लीराजहरा के रास्ते मोहला-मानपुर जा रही हैं। एंबुलेंस को भी लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है। इस सड़क को सबसे जल्दी तैयार किए जाने की जरुरत के बीच इसका काम रोका जाना ठेकेदार की बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। दूसरी ओर खैरागढ़ की ओर भी रोजाना 23 हजार व्यवसायिक वाहनों का दबाव है। यहां भी सड़क अधूरी छोड़ दी गई है।

 क्या है विवाद

21 नवंबर को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा और निर्माण में लगे ठेकेदार फर्म कन्हैयालाल अग्रवाल के कर्मचारियों के बीच कुमर्दा-घुपसाल के निर्माणस्थल में विवाद हो गया। फर्म ने आरोप लगाया कि वर्मा ने दुर्व्यवहार किया और मारपीट की, वहीं एमडी से 50 लाख की वसूली का आरोप लगाया। वर्मा ने आरोप लगाया कि सड़क पर काली मिट्टी बिछाई जा रही थी। निरीक्षण में कमी दिखी तो बोला गया। इस पर कर्मचारियों ने अभद्रता की। पैसे की मांग वाली बात फंसाने के लिए कही जा रही है। इस विवाद के बीच ही कंपनी ने दोनों सड़कों का काम रोक दिया।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch