राजनांदगांव: चक्रवात अकवान ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल कहीं तेज हवाओं के कारण जमीन पर बिछ गई है, तो कहीं बारिश का पानी भरने से फसल डूब गई है। लगातार बदलते मौसम ने किसानों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। जिन खेतों में कुछ दिन पहले तक सुनहरी धान की फसल लहलहा रही थी, वहां अब पानी भरा हुआ है। इसके चलते धान की कटाई और मिंजाई का काम प्रभावित हो रहा है। किसान अपनी महीनों की मेहनत से तैयार फसल को बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। पहले अर्णब तूफान के प्रभाव से क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। तेज हवाओं के चलते पककर तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई थी। किसान किसी तरह गिरी हुई फसल की कटाई और मिंजाई करने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अकवान चक्रवात ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने से कटाई का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं, जमीन पर गिरी धान की फसल के लंबे समय तक पानी में पड़े रहने से उसके खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है। इधर, बीमा कंपनी के टोलफ्री नंबर पर सूचना देने के बाद भी सर्वे टीम खेतों में नहीं पहुंच पा रही है। बता दें कि अर्णब तूफान आने के बाद करीब 10168 किसानों ने फसल बर्बाद होने की सूचना दी थी। जिसमें केवल 1229 आवदेनों को ही स्वीकृत किया गया है। वहीं 8939 आवेदन बीमा कंपनी ने अस्वीकृत कर दी है। खरीफ में नुकसान की भरपाई करने की सोच रहे किसानों की उम्मीद पर रबी सीजन की पिछड़ती बोनी ने पानी फेर दिया है। खरीफ सीजन में एक लाख 72 हजार हेक्टेयर में धान की फसल ली गई है। वहीं रबी सीजन में करीब 83 हजार हेक्टेयर में चना, गेंहू, सरसो, मसूर सहित अन्ये फसलें ली जाती है। लेकिन वर्तमान स्थिति काफी खराब है। चक्रवाती तूफान अकवान के चलते बारिश हो रही है। इसके चलते खरीफ सीजन के धान की कटाई नहीं हो पाई है। वहीं रबी की बोनी भी अटक गई है।
मेहनत और पूंजी पर मौसम की मार
किसानों का कहना है कि इस साल धान की खेती में उन्होंने काफी मेहनत के साथ बड़ी पूंजी लगाई थी। खाद, बीज, दवाइयों और मजदूरी सहित खेती की लागत बढ़ने के बावजूद अच्छी फसल की उम्मीद थी। धान की फसल पककर तैयार हो चुकी थी और किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच मौसम के बदले मिजाज ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब लगातार बारिश से धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ उत्पादन और आमदनी में भी कमी आने की आशंका है। खेतों में गिरी फसल को समेटना भी किसानों के लिए चुनौती बन गया है।
सर्वे और मुआवजे की मांग, प्रशासन से राहत की उम्मीद
बारिश से फसल को हो रहे नुकसान के बीच किसानों के सामने समर्थन मूल्य पर धान बेचने की समय सीमा भी बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है। खेतों में पानी भरा होने और फसल की कटाई-मिंजाई प्रभावित होने से किसान तय समय पर धान तैयार कर खरीदी केंद्रों तक कैसे पहुंचाएंगे, इसे लेकर असमंजस में हैं। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम का यही मिजाज बना रहा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को अब प्रशासन से राहत की उम्मीद है।