किरन्दुल : वार्ड नंबर 03 में किरन्दुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह द्वारा यादव घर से बड़ा नाला तक 100 मीटर नाली निर्माण कार्य हेतु विधिविधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन किया गया। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की शुरुआत होने से वार्डवासियों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल देखा गया। लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस समस्या से परेशान थे और लगातार नाली निर्माण की मांग कर रहे थे।बता दें कि वर्षा ऋतु के दौरान बंगाली कैंप, शैलेन्द्र नगर एवं आसपास के वार्डों का पानी आकर इसी क्षेत्र में जाम हो जाता था, जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती थी।पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।कई बार घरों के सामने पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस नाली निर्माण कार्य से जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 03 में नाली निर्माण होने से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा। आने वाले समय में भी नगर के प्रत्येक वार्ड में जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।