July 27, 2026


हिरोली ग्राम पंचायत बनी एनएमडीसी बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 की चैंपियन

दुगेली रही उपविजेता, कलेपाल ने तीसरा स्थान किया हासिल

बचेली:एनएमडीसी द्वारा विजेता टीम को दो लाख, उप विजेता टीम को डेढ़ लाख व तृतीय पुरस्कार विजेता टीम को एक लाख रूपये का चेक, प्रतिभाग करने वाली अन्य सभी टीमों को भी 50-50 हजार देने की घोषणा_

नवरत्न कंपनी एनएमडीसी द्वारा अपने नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आयोजित बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 का रविवार को एनएमडीसी टाउनशिप, बचेली के हॉकी मैदान में रोमांचक मुकाबलों एवं भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में ग्रामीण खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। हिरोली ग्राम पंचायत की टीम बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 की चैंपियन बनी।

दुगेली की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा। कलेपाल ने तीसरा स्थान किया हासिल। गामावाड़ा को चौथा स्थान मिला। उन्हें एनएमडीसी द्वारा 75 हजार रुपये का चेक पुरस्कार के तौर पर दिया गया। कलेपाल के खिलाड़ियों को एक लाख रूपये का चेक बतौर पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की गई। उप विजेता टीम दुगेली को डेढ़ लाख रुपए का चेक पुरस्कार स्वरूप दिया गया। विजेता टीम सुदूर ग्राम हिरोली के खिलाड़ियों को दो लाख रुपए का चेक व ट्रॉफी बतौर पुरस्कार प्रदान की गई। इनके अलावा कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को 50 हजार रुपए का प्राइज देने की घोषणा मंच से की गई। 

साथ ही सभी 24 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को भी स्मृति चिन्ह देकर आयोजन में उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। 

हिरोली के लच्छू कुंजाम मेन ऑफ दी सीरीज रहे। बेस्ट रेडर का खिताब दुगेली के राकेश कुमार को मिला। बेस्ट डिफेंडर के तौर पर कलेपाल को सोनू मंडावी को पुरस्कृत किया गया। 

फाइनल मुकाबले में ग्राम पंचायत दुगेली के कप्तान ने टॉस जीतकर ग्राम पंचायत हिरोली की टीम को पहले रेड करने का अवसर दिया। मुकाबले की शुरुआत में दुगेली ने बढ़त बनाकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, लेकिन दूसरे हाफ में हिरोली की टीम ने शानदार वापसी करते हुए खेल का रुख बदल दिया। आक्रामक एवं संतुलित प्रदर्शन के दम पर हिरोली ने 32-21 से मुकाबला जीतकर एनएमडीसी बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, दुगेली की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

इससे पूर्व तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में ग्राम पंचायत कलेपाल और ग्राम पंचायत गामावाड़ा के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। कलेपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68-23 के अंतर से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नन्दलाल मुड़ामी मुख्य अतिथि तथा आर.के बर्मन,विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

 मुड़ामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतियोगिता को खेल भावना से लेना चाहिए। यहां तक पहुंचे सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने चार दिन खेल को सुचारु रूप से चलाने के लिए सभी रेफरी और मैच ऑफिशियल का भी आभार जताया। 

दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आर के बर्मन ने अपने संबोधन में विजेता टीमों को बधाई देते हुए आयोजन के लिए एनएमडीसी की सराहना की। 

एनएमडीसी की ओर से महाप्रबंधक (विद्युत) एचके गुणावत ने कंपनी द्वारा स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए किये का रहे प्रयासों के बारे में बताया। महाप्रबंधक (सामिग्री) बी साम्या ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, रमेश गावड़े, सुमित भदौरिया की गरिमामयी उपस्थिति सहित किरंदुल एवं बचेली क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि, एनएमडीसी के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विजेता, उपविजेता तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एनएमडीसी द्वारा आयोजित चार दिवसीय कबड्डी लीग बैलाडीला क्षेत्र की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

 प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन तथा ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। कंपनी ने भविष्य में भी खेलों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को प्रोत्साहित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch