July 28, 2026


जोनल तीरंदाजी शानदार प्रदर्शन जीते 10 पदक

राजनांदगांव: ओडिशा के भवानीपटना में आयोजित सीबीएसई जोनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में पुलिस लाइन स्थित राह तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक अपने नाम किए। लगातार दूसरे वर्ष सर्वाधिक पदक जीतकर अकादमी ने अपनी श्रेष्ठता एक बार फिर सिद्ध की।

प्रतियोगिता में सृष्टि चौरसिया ने तीन स्वर्ण पदक, प्रियांश भार्गव ने तीन रजत पदक, रौशन चौरसिया ने तीन रजत पदक तथा द्रोण सोनवानी ने एक कांस्य पदक जीतकर राजनांदगांव एवं छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के दौरान राह तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर एवं ओडिशा जैसे तीरंदाजी के मजबूत राज्यों के खिलाड़ियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा में पराजित कर अपने पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल राजनांदगांव बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन एवं सतत प्रोत्साहन से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। वे समय-समय पर खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन करती हैं। इस उपलब्धि में प्रशिक्षक खोमेंद्र साहू, कोच दामेश्वरी साहू तथा राह तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक अजेंद्र कुमार तांडेकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीनों प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण एवं निरंतर समर्पण के परिणामस्वरूप अकादमी के खिलाड़ी लगातार राज्य, राष्ट्रीय एवं सीबीएसई स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। राह तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी पूर्व में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पदक अर्जित कर चुके हैं। खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव पुलिस एवं स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से पिछले 8 वर्षों से पुलिस लाइन राजनांदगांव में बच्चों को निश्शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से अनेक खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ा चुके हैं।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch