दंतेवाड़ा : बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जिले में खराब मौसम, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा द्वारा एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 27 अक्टूबर 2026 को जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, प्रतिकूल मौसम के दौरान बच्चों एवं अन्य हितग्राहियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 अक्टूबर को बंद रहेंगे। संबंधित परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध खाद्य सामग्री, शासकीय अभिलेखों तथा अन्य सामग्रियों को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पालकों और अभिभावकों तक अवकाश की सूचना पहुंचाने के लिए कहा गया है।
इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के तहत जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी शालाओं में 27 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों और सुरक्षा संबंधी जोखिमों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जारी निर्देशानुसार विद्यालयों में घोषित अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए लागू रहेगा, शिक्षकों के लिए नहीं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानाध्यापकों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।