राजनांदगांव : देवी-देवताओं की प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम के काउकेचर वाहन के इस्तेमाल पर पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने आपत्ति जताई है। शनिवार को पत्रकारवार्ता कर उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की मांग की।
छाबड़ा ने आरोप लगाया कि 13 नवंबर को मां काली, भगवान गणेश और भैरव बाबा की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए गंदे और अनुपयुक्त काउकेचर वाहन से ले जाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि किस अधिकारी या जनप्रतिनिधि के निर्देश पर रात नौ बजे यह वाहन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और केवल वाहन चालक पर कार्रवाई कर जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने से रोकने की मांग की।
उन्होंने महापौर मधुसूदन यादव के पूर्व में दिए गए उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें अनुपयुक्त वाहन से धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात साबित होने पर राजनीति छोड़ने की बात कही गई थी। छाबड़ा ने कहा कि अब सामने आए प्रमाणों के आधार पर महापौर को अपने बयान पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम नया और उपयुक्त वाहन खरीदे, ताकि धार्मिक आयोजनों में मर्यादा और स्वच्छता का ध्यान रखा जा सके। प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष शारदा तिवारी, संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह और नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष रमेश डाकलिया उपस्थित रहे।