रायपुर : दिनांक २७-१०-२०२६ को शाम सात बजे रायपुर महानगर के अंतर्गत गुढ़ियारी नगर की श्रीनगर बस्ती में गणेश मंदिर के पास महर्षि वाल्मीकि की जयंती का महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।इस पावन अवसर पर संस्कृत भारती के प्रांत मंत्री डॉ. प्रवीण कुमार झाड़ी महोदय ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन-चरित्र पर प्रकाश डाला। संस्कृत भारती के महानगर मंत्री तथा छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डल के अध्यक्ष श्री राजेश राजपूत महोदय ने कहा कि— “संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए अनेक संस्थाएं कार्य कर रही हैं, किंतु संस्कृत भाषा को जनभाषा (आम बोलचाल की भाषा) बनाने का प्रयास केवल संस्कृत भारती ही कर रही है।”कार्यक्रम के मुख्य वक्ता तथा संस्कृत भारती के प्रांत पत्राचार प्रमुख डॉ. वैभव वसन्त कान्हे महोदय ने पत्राचार के माध्यम से संस्कृत भाषा को किस प्रकार पढ़ा और सीखा जा सकता है, इस विषय पर अपना उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री खेमलाल साहू महोदय, अध्यक्ष के रूप में श्री सकलदेव प्रसाद शास्त्री महोदय तथा संस्कृत भारती के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पीलाराम साहू महोदय द्वारा किया गया।