June 05, 2026


अब मनपसंद चुन सकेंगे विषय प्रवेश से पहले होगी काउंसिलिंग

तैयारी: काउंसिलिंग से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी और वे सही संकाय चयन कर सकेंगे

राजनांदगांव: कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए इस बार 11वीं में प्रवेश की प्रक्रिया पहले से अलग और अधिक व्यवस्थित होगी। सरकारी हायर सेकंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों को सीधे संकाय आवंटित नहीं किया जाएगा, बल्कि उनकी रुचि, क्षमता और भविष्य की योजनाओं को समझने के लिए विशेष काउंसिलिंग की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें गणित, जीव विज्ञान, वाणिज्य अथवा कला संकाय में प्रवेश दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि कई विद्यार्थी बिना पर्याप्त जानकारी के विषयों का चयन कर लेते हैं, जिसका असर आगे उनके करियर पर पड़ता है। इसी वजह से इस वर्ष विद्यार्थियों के रुचि क्षेत्र का आकलन कर उन्हें सही दिशा देने की पहल की गई है। 60 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों की विशेष काउंसिलिंग की जाएगी। विषय विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी रुचि, योग्यता और करियर विकल्पों पर चर्चा करेंगे।

 प्रथम श्रेणी वाले विद्यार्थियों पर विशेष फोकस

जिले में कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में 5614, द्वितीय श्रेणी में 4213 और तृतीय श्रेणी 350 विद्यार्थियों को सफलता मिली है। 60 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों की विशेष काउंसिलिंग की जाएगी। विषय विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी रुचि, योग्यता और करियर विकल्पों पर चर्चा करेंगे। काउंसिलिंग कार्यक्रम की शुरुआत राजनांदगांव ब्लाक से होगी। बसंतपुर स्कूल में दो सत्रों में काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे और दूसरा दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। इसके बाद विभिन्न विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा।

गणित संकाय की ओर आकर्षित करने की कोशिश

पिछले कुछ वर्षों में गणित और वाणिज्य संकाय चुनने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगातार कम हुई है। कई स्कूलों में इन संकायों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या महज चार-पांच तक सीमित रह गई है। ऐसे में काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को गणित और वाणिज्य विषयों के महत्व तथा उनसे जुड़े करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ शिक्षक बताएंगे कि गणित संकाय के माध्यम से इंजीनियरिंग, डाटा साइंस, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं सहित अनेक क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।

10 वीं-12वीं बोर्ड के नतीजों पर एक नजर

कक्षा-10वीं

ओवरआल उत्तीर्ण प्रतिशत-89.41

प्रथम श्रेणी- 5614

द्वितीय श्रेणी-4213

तृतीय श्रेणी-350

कक्षा-12वीं

ओवर आल उत्तीर्ण प्रतिशत-87.56

प्रथम श्रेणी-4888

द्वितीय श्रेणी-3006

तृतीय श्रेणी-139


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch