June 05, 2026


फूलमती वर्मा की जीत ने साय सरकार के सुशासन की खोली पोल : मदन साहू

घुमका नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत को बताया जनहित और विकास की राजनीति की जीत, भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और वादाखिलाफी का लगाया आरोप*

राजनांदगांव :- घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा की जीत को लेकर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने प्रदेश की ट्रिपल इंजन सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कथित सुशासन की वास्तविकता जनता के सामने उजागर कर दी है। जनता ने विकास, जनहित और विश्वास की राजनीति पर मुहर लगाते हुए भाजपा के अहंकार और वादाखिलाफी को नकार दिया है।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने जारी बयान में कहा कि घुमका नगर पंचायत चुनाव केवल एक स्थानीय चुनाव नहीं था बल्कि कांग्रेस और भाजपा की कार्यशैली, विचारधारा और जनस्वीकार्यता की परीक्षा थी। इस परीक्षा में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया कि जनता आज भी विकास और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस प्रतिष्ठित चुनाव को जीतने के लिए हर संभव संसाधन और सरकारी तंत्र का उपयोग किया लेकिन घुमका की जागरूक जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर यह संदेश दिया कि जनसेवा और विकास की राजनीति ही उनकी पहली पसंद है। श्री साहू ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि उनके हितों की वास्तविक चिंता कांग्रेस पार्टी ही करती है। श्री साहू ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि घुमका को नगर पंचायत का दर्जा दिलाना उनकी दूरदर्शी और जनकल्याणकारी सोच का परिणाम था। नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाएं बढ़ीं, विकास कार्यों को गति मिली और स्थानीय लोगों को अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिलने लगा। यह कांग्रेस सरकार की जनता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा जनसरोकारों से दूर हो गई है। सुशासन के बड़े-बड़े दावों के बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं और आम जनता भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अव्यवस्था तथा राजनीतिक हस्तक्षेप से परेशान है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, लेकिन भाजपा सरकार राहत देने के बजाय पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों पर नियंत्रण करने में विफल रही है। श्री साहू ने कहा कि जनता ने इस चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा की वादाखिलाफी के खिलाफ मतदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा भावनात्मक और धार्मिक मुद्दों के सहारे राजनीति करती है जबकि उसे जनता की बुनियादी समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों की चिंता नहीं है। अब जनता ऐसे मुद्दों से गुमराह होने वाली नहीं है और वह अपने हितों को ध्यान में रखकर निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घुमका चुनाव में विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों और भाजपा सरकार की नाकामियों को प्रमुखता से उठाया जिसका परिणाम व्यापक जनसमर्थन के रूप में सामने आया। भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग करने का प्रयास किया, लेकिन जनता ने लोकतांत्रिक मूल्यों और कांग्रेस की विचारधारा पर विश्वास जताते हुए उसे करारा जवाब दिया। श्री साहू ने कहा कि फूलमती वर्मा की जीत केवल एक उम्मीदवार की जीत नहीं बल्कि जनता के विश्वास, विकास की राजनीति और कांग्रेस की जनहितैषी सोच की जीत है। इस परिणाम ने भाजपा की तथाकथित गारंटियों की हकीकत उजागर कर दी है तथा यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता अब केवल वादों नहीं बल्कि काम और विकास के आधार पर अपना समर्थन तय करेगी।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch