राजनांदगांव: नवगठित नगर पंचायत घुमका के पहले चुनाव में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा की ताजपोशी होगी। उन्होंने करीबी मुकाबले में भाजपा की प्रत्याशी किरण वर्मा को 85 वोटों से शिकस्त दी। सुबह 10.30 बजे तक नतीजे सामने आते ही कांग्रेस में जश्न मनाया जाने लगा। इधर, 15 वार्डों में से 10 में भाजपा के पार्षद चुनकर आए हैं, चार में कांग्रेस और एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार निर्वाचित हुए हैं। कुल महिलाएं पार्षद चुनी गई हैं।
एक जून को घुमका में ईवीएम से मतदान हुआ था। यहां अध्यक्ष के तीन प्रत्याशी व 15 वार्डों में पार्षद के 57 उम्मीदवार थे। कुल 3209 मतदाताओं वाले नगर पंचायत में 95.36 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव के लिए कुल 15 बूथ बनाए गए थे। गुरुवार को ईवीएम स्ट्रांग रुम से बाहर निकाली गई और मतगणना शुरु हुई। एक घंटे के भीतर ही सभी परिणाम सामने आ गए थे।
अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की फूलमती वर्मा को 1512, भाजपा की किरण वर्मा को 1427 वोट मिले। जबकि आप पार्टी की प्रत्याशी अलिशा जोशी को 70 वोट हासिल हुए। 22 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया जबकि 29 वोट अंडर लाइन रहे।
नतीजों से भाजपा को झटका
15 दिनों तक भीषण गर्मी में चले इस चुनावी समर के नतीजों भाजपा को झटका लगा है। पहले ही दिन से भाजपा ने यहां तगड़ी मोर्चेबंदी की थी। प्रचार के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेस सिंह, प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, विधायक अनुज शर्मा सहित दिग्गजों ने प्रचार किया। चुनाव की कमान महापौर मधुसूदन यादव को सौंपी गई थी। पूर्व विधायकों के साथ ही स्थानीय संगठन के बड़े चेहरे भी इसमें शामिल रहे।
जीत से कांग्रेस में जश्न
नगर पंचायत घुमका में मिली जीत कांग्रेस के लिए काफी अहम है। ग्रामीण जिला संगठन की कमान आठ महीने पहले ही विपिन यादव को सौंपी गई है। नई टीम के लिए ये चुनाव अपनी योग्यता साबित करने वाला था। जीत के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित दिग्गज नेताओं ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार किया था। सुबह से ही डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी, जिला अध्यक्ष विपिन यादव, नवाज खान, चुनाव संयोजक रहे रमेश डाकलिया सहित संगठन के नेता घुमका में मौजूद रहे। इंटरनेट मीडिया में भी कांग्रेस की जीत चर्चा का मुद्दा बनी रहीं और लोगों ने इसे भाजपा सरकार के प्रति असंतोष का परिणाम बताया।
उपाध्यक्ष के लिए जोड़-तोड़ शुरु
भले ही घुमका में भाजपा को अध्यक्ष की कुर्सी न मिल पाई हो लेकिन उपाध्यक्ष पद की दावेदारी पुख्ता हो चुकी है। यहां भाजपा के 10 पार्षद निर्वाचित होकर आए हैं। जीत के साथ ही उपाध्यक्ष पद को लेकर जोड़-तोड़ भी शुरु हो चुकी है। फिलहाल इसके लिए दो नाम सामने आए हैं। नोहेंद्र सिन्हा और शैलेंद्र वर्मा की दावेदारी उपाध्यक्ष के लिए मानी जा रही है।
ये निर्वाचित हुए पार्षद
वार्ड विजयी पार्षद राजनीतिक दल
वार्ड 1 इंद्रा अरुण वर्मा भाजपा
वार्ड 2 गौरव शर्मा कांग्रेस
वार्ड 3 कुमार नाथ बघेल कांग्रेस
वार्ड 4 शैलेंद्र वर्मा भाजपा
वार्ड 5 रूपनारायण साहू भाजपा
वार्ड 6 रामचंद वर्मा कांग्रेस
वार्ड 7 गोविंदा यादव भाजपा
वार्ड 8 नोहेंद्र सिन्हा भाजपा
वार्ड 9 उषा पप्पू वर्मा कांग्रेस
वार्ड 10 रोशन वर्मा भाजपा
वार्ड 11 खिलेश यादव भाजपा
वार्ड 12 सुनीता गंगेश्वर वर्मा भाजपा
वार्ड 13 लोकेश्वरी सूरज पात्रे भाजपा
वार्ड 14 संतोष गंधर्व निर्दलीय
वार्ड 15 रुखमनी बालेश्वर वर्मा भाजपा