बिलासपुर: शहर में दहशत फैलाने वाले आदतन अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने शनिवार तड़के एक व्यापक और सुनियोजित कॉम्बो अभियान चलाया। जिले के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने एक साथ अपने-अपने क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 80 बदमाशों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए, जिसके बाद उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
250 अपराधियों की सूची, डेटा विश्लेषण के बाद बनी रणनीति:–
पुलिस ने पिछले एक वर्ष के अपराध रिकॉर्ड का विश्लेषण कर करीब 250 आदतन अपराधियों की सूची तैयार की थी। इसमें वे नाम शामिल थे जो जेल से छूटने के बाद दोबारा अपराध की गतिविधियों में लिप्त पाए गए और शहर में कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनते रहे।
इसी सूची के आधार पर शनिवार को सभी थानों की टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। कई आरोपियों को उनके घरों से पकड़ा गया, जबकि कुछ नशे की हालत में मिले।
हथियारों के साथ गिरफ्तारी, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलिस को कई बदमाशों के पास से चाकू, चापड़ और अन्य धारदार हथियार मिले। सभी बरामद हथियार जब्त कर लिए गए हैं और आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, आर्थिक नेटवर्क पर भी नजर
इस बार पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है।एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल गिरोहों की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी की जाएगी।यदि जांच में यह पाया जाता है कि अपराधियों ने अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित की है, तो उसे कुर्क और राजसात किया जाएगा।
हिस्ट्रीशीटर, नशा और माफिया पुलिस के रडार पर
जांजगीर गोलीकांड के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में हुए जांजगीर गोलीकांड के बाद अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की सख्ती और बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में यह अभियान भी चलाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की संगठित वारदात को समय रहते रोका जा सके।
अपराध की कमाई पर भी अब सीधा प्रहार – एसएसपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया, “जो अपराधी बार-बार वारदातों में शामिल पाए जाएंगे, उनकी अवैध संपत्ति की जांच होगी। अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त किया जाएगा। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक पूरे अपराध नेटवर्क को समाप्त नहीं कर दिया जाता।”