राजनांदगांव : खैरागढ़-मानपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और ठेकेदार के कर्मचारियों से विवाद का मामला अब और गरमा गया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरतलाल वर्मा ने शनिवार को ठेका कंपनी के कर्मचारियों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए 50 लाख रुपये मांगने के आरोप को निराधार बताते हुए इसे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने के बाद फंसाने की कोशिश बताया है।
वर्मा के अनुसार, 20 नवंबर को मोहला-मानपुर दौरे के दौरान वे घुपसाल के पास निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ में कहीं भी दिखने पर जान सहित खत्म करने की बात कही। इस घटना से उन्हें मानसिक आघात पहुंचा है। वर्मा ने कहा कि खैरागढ़ से मानपुर तक करीब 380 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायत की गई है। निर्माण में जीएसबी और डब्ल्यूएमएम स्तर पर खामियां हैं। इनमें मिट्टी का उपयोग किए जाने की शिकायत भी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत की जांच होने पर ठेकेदार मेसर्स कन्हैयालाल अग्रवाल को नुकसान की आशंका है, इसलिए उनके विरुद्ध 50 लाख रुपये मांगने का मिथ्या आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इधर, विवाद के बाद ठेकेदार कंपनी ने खैरागढ़ से मानपुर तक सड़क निर्माण कार्य बंद कर दिया है। इससे परियोजना की प्रगति पर भी असर पड़ने की आशंका है।