February 24, 2026


शर्मनाक राजनीति वाले बयान पर अब राहुल गांधी का पलटवार, पीएम मोदी पर बोला हमला

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस पर 'गंदी और शर्मनाक राजनीति' करने के आरोप के एक दिन बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को उन पर तीखा हमला बोला।

राहुल ने एक्स पोस्ट और वीडियो संदेश के जरिये प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि असली शर्म की बात तो वह है जब प्रधानमंत्री और उनके कैबिनेट सहयोगी का नाम 'एपस्टीन फाइल्स' जैसे गंभीर मामले से जुड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका में उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ चल रहा अदालती मामला असल में भाजपा और उसके वित्तीय ढांचे के खिलाफ मामला है, जिसकी वजह से प्रधानमंत्री की रातों की नींद उड़ गई है।

राहुल ने प्रधानमंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कई गंभीर मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को बर्बाद कर दिया और कपड़ा उद्योग को नष्ट कर दिया। राहुल ने दावा किया कि बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्ष का सामना नहीं किया क्योंकि उनकी आंखों में 'डर' था।

राहुल के अनुसार, यह डर पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक के कारण नहीं, बल्कि एपस्टीन फाइल्स और अदाणी केस की वजह से था। गौरतलब है कि यह जुबानी जंग तब शुरू हुई जब रविवार को पीएम ने दिल्ली में आयोजित 'इंडिया एआइ इम्पैक्ट समिट' में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा 'शर्टलेस' (बिना कमीज) विरोध प्रदर्शन की आलोचना की थी।

मोदी ने इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश को बदनाम करने वाली 'गंदी और नंगी राजनीति' करार दिया था। उन्होंने मेरठ मेट्रो विस्तार के उद्घाटन के दौरान कहा था कि कांग्रेस वैचारिक रूप से दिवालिया हो चुकी है और देश का अपमान करने वालों का महिमामंडन कर रही है।

उधर, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न बंद करने की मांग करते हुए एक्स पर कहा, 'शांतिपूर्ण असहमति को अपराध या खतरा नहीं माना जाना चाहिए। विरोध लोकतंत्र का दिल है, अपराध नहीं। हमारे कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से पीएम की कमियों को उजागर किया था।'


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch