July 08, 2026


नदी उफान पर लेकिन बैराज खाली मोंगरा में सिर्फ 13 प्रतिशत जल भंडारण

राजनांदगांव: जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शिवनाथ नदी और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ा दिया है। कई स्थानों पर नदी पूरे वेग से बह रही है, लेकिन इसके उलट अविभाजित राजनांदगांव के सबसे बड़े मोंगरा बैराज का जल भंडारण अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। मानसून की शुरुआत से अब तक 37 दिन बीत चुके हैं, फिर भी बैराज अपनी भंडारण क्षमता का 20 प्रतिशत पानी भी संग्रहित नहीं कर सका है। वर्तमान में इसमें महज 13 प्रतिशत जल भंडारण दर्ज किया गया है।

इसकी सबसे बड़ी वजह मोंगरा बैराज का प्रमुख कैचमेंट क्षेत्र महाराष्ट्र में स्थित होना है। वहां अब तक सामान्य से कम वर्षा होने के कारण बैराज में अपेक्षित जल आवक नहीं हो सकी। दूसरी ओर राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश से शिवनाथ नदी का बहाव तेज हो गया है, लेकिन इसका पूरा लाभ मोंगरा बैराज को अभी नहीं मिल पाया है।

करीब 32.50 मिलियन घन मीटर जल भंडारण क्षमता वाले इस बैराज में 10 रेडियल गेट लगे हैं। मोंगरा परियोजना से लगभग 8865 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होती है। फिलहाल लगातार बारिश के कारण सिंचाई के लिए जल छोड़ने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन जलाशय के धीमे भराव ने आने वाले महीनों के लिए चिंता जरूर बढ़ा दी है। जल संसाधन विभाग की निगाह अब महाराष्ट्र के कैचमेंट क्षेत्र में होने वाली वर्षा पर टिकी है। मोंगरा के अलावा जिले के अन्य प्रमुख जलाशयों का भराव भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सूखानाला जलाशय में 50 प्रतिशत, खातूटोला में 50 प्रतिशत और घुमरिया में 28 प्रतिशत जल भंडारण है। लगातार बारिश से स्थिति में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन बड़े जलाशयों को पूरी क्षमता तक भरने के लिए मानसून की निरंतर सक्रियता जरूरी मानी जा रही है।

 तीन जिलों में कहां कितनी बारिश

राजनांदगांव :– जिले में मंगलवार तक के आंकड़ों के अनुसार में एक जून से अब तक 244 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों के औसत 209.1 मिमी का 116.7 प्रतिशत है। जिले में सर्वाधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 332.5 मिमी और सबसे कम घुमका में 122 मिमी दर्ज की गई।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई - जिले में अब तक औसतन 213.6 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य का 120 प्रतिशत है। यहां खैरागढ़ में 241.1 मिमी, गंडई में 228.9 मिमी और छुईखदान में 205.7 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी - जिले में एक जून से अब तक औसतन 171.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य का केवल 63.3 प्रतिशत है। यहां चौकी में 178.8 मिमी, मोहला में 144.8 मिमी, मानपुर में 160.5 मिमी, औंधी में 189 मिमी और खड़गांव में 184 मिमी वर्षा हुई है। यह जिला अब भी सामान्य वर्षा से काफी पीछे चल रहा है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch