राजनांदगांव: रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव ने नव-निर्मित पुलिस को-आर्डिनेशन सेंटर मोहला में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर चारों जिलों की पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और नवाचारों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित अपराधों और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, तकनीक आधारित पुलिसिंग तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के एसएसपी वायपी सिंह, राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा, कबीरधाम के एसपी धर्मेंद्र सिंह, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के एसपी लक्ष्य शर्मा सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
आइजी ने कहा कि नक्सल उन्मूलन के बाद अब प्रभावित क्षेत्रों में जनविश्वास बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेसिक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, सीसीटीएनएस का प्रभावी प्रशिक्षण, शहरी क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और नक्सल पीड़ित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न जिलों की नवाचारी पहल का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस के ई-बीट सिस्टम को आइजी ने स्मार्ट पुलिसिंग की प्रभावी पहल बताते हुए रेंज के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। जिले में विकसित पुलिस को-आर्डिनेशन सेंटर, आधुनिक कंट्रोल रूम, नक्सल पुनर्वास केंद्र और अन्य नवाचारों की भी सराहना की गई।
राजनांदगांव पुलिस की ओर से एसपी अंकिता शर्मा ने पहल निशुल्क कोचिंग एवं रीडिंग रूम, कोटवार-पुलिस मित्र नेटवर्क, सरपंच सोशल मीडिया ग्रुप, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) रोस्टर और किशोर अपराध रोकने के लिए 'किशोर पंजी' जैसी पहल की जानकारी दी। आइजी ने इन माडलों को अन्य जिलों में भी अपनाने के निर्देश दिए। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस की डिस्ट्रिक्ट प्रासिक्यूशन मानिटरिंग सेल और डिस्ट्रिक्ट साइबर सेल, जबकि कबीरधाम पुलिस की नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, पुलिस बैंक, पुलिस कैंटीन और प्ले स्कूल जैसी पहल को भी सराहा गया।
डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का विमोचन
बैठक के दौरान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा तैयार 'डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक' का विमोचन किया गया। आइजी ने इसे उपयोगी पहल बताते हुए रेंज के सभी जिलों को इसी तरह की प्रोफाइल बुक तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद रक्षित केंद्र परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर तुलिका प्रजापति, रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आइजी ने पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।