डोंगरगढ़ :- भीषण गर्मी के बीच शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति की बढ़ती समस्याओं के मद्देनजर नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने बधियाटोला पंप हाउस और पनियाजोब वाटर फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में जल स्तर लगातार गिर रहा है, जिससे कई वार्डों में पेयजल संकट की स्थिति बन रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो, इसके लिए सभी संसाधनों का सही इस्तेमाल किया जाएगा। पंप हाउस में आवश्यक उपकरणों और साधनों की कमी होने पर उन्हें शासन स्तर से उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि भविष्य में जल संकट जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों।
इस अवसर पर नगर पालिका सभापति देवेंद्र साखरे, डिकेश राव, पार्षद अनीश निर्मलकर, राजेश कंडरा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश कुमार तिवारी, एसडीओ पीएचई गजेन्द्र साहू, शाखा प्रभारी नितिन बक्शी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने शहर में जल आपूर्ति को और बेहतर बनाने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की।
नगर पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में जल आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जनता को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए समय पर कदम उठाए जाएँ।