राजनांदगांव। सिख समाज के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रविवार को शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा साहिब से निकली धार्मिक यात्रा में गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, सिख परंपरा और आध्यात्मिक संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिली। नगर कीर्तन का विशेष आकर्षण सिक्किम स्थित प्रसिद्ध डोंगमार गुरुद्वारा रहा। नगर कीर्तन के दौरान तोपों से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा का मानव मंदिर चौक पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में फूलमालाओं से स्वागत किया गया। छोटे बच्चों के पंच प्यारों के स्वरूप और कीर्तनी जत्थे के शबद कीर्तन ने नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर छाबड़ा ने गुरु नानक देव के सत्य, प्रेम, सद्भावना और भाईचारे के संदेश को मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। स्वागत में पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, शारदा तिवारी, रमेश डाकलिया, कमलजीत सिंह व अन्य उपस्थित रहे।