दंतेवाड़ा : भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला - दंतेवाड़ा के बैनर तले पेंशनर्स साथियों ने रविवार को बारसूर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सातधार में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया।
कार्यक्रम में पेंशनर्स साथियों सहित मातृशक्तियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अपने घर में बनी घरेलू मिठाइयां एक-दूसरे को खिलाकर दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गाना, किस्से-कहानियों और फोटोग्राफी से हुआ मनोरंजन
समारोह के दौरान कुछ साथियों ने मधुर गीत गाकर मनोरंजन किया, तो कुछ ने अपने जीवन के रोचक किस्से-कहानियां सुनाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। सभी ने बारसूर सातधार के मनोरम प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लिया और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।
अंत में साथियों ने इसे घर से बाहर निकलने का एक सुनहरा अवसर बताया और आयोजनकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की। सभी ने इच्छा व्यक्त की कि इस परंपरा को आगे भी जारी रखा जाए और प्रत्येक तीज-त्योहार एवं नववर्ष पर किसी मनोरम दर्शनीय स्थल पर इसी तरह मिलन समारोह का आयोजन किया जाए।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अध्यक्ष रूप कुमार झाड़ी, कार्यकारी अध्यक्ष राम कुमार महंती, उपकोषाध्यक्ष जी.डी. बैरागी, नेहरू साहू, राजेंद्र यादव, स्वप्न कुमार शाहा सहित मातृशक्ति में श्रीमती जी. रेनू राव, श्रीमती सुलोचना डेनियल, श्रीमती प्रफुल्ल नेताम एवं श्रीमती कुलकर्णी मैडम प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।