November 22, 2026


बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने बदला मौसम

राजनांदगांव: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब गंडई नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। शनिवार सुबह से मौसम में अचानक बदलाव आया और हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया। आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। वहीं, बारिश के चलते आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ। रोजाना की अपेक्षा सड़कों और बाजारों में चहल-पहल कम रही। स्कूली बच्चे बारिश के बीच छाता और रेनकोट लेकर स्कूल जाते नजर आए। सुबह के समय मुख्य मार्गों और बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।

 धान की कटी फसल भीगने का सता रहा डर

मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में धान की कटाई का काम जारी है। वहीं, कई किसानों ने कटाई के बाद फसल को गहाई के लिए खलिहानों में रखा हुआ है। ऐसे में बारिश होने से धान की फसल के भीगने और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी बारिश जारी रही तो खेतों और खलिहानों में रखी कटी फसल को नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे उनकी मेहनत और लागत दोनों प्रभावित हो सकती हैं।

 किसानों को फसल ढंककर रखने की सलाह

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार लगातार एक-दो दिन बारिश होने से धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, तेज बारिश होने पर सब्जियों की फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित एवं छायादार स्थान पर रखें। खलिहान में रखी फसल को तिरपाल अथवा अन्य साधनों से अच्छी तरह ढंककर रखें और मौसम अनुकूल होने पर जल्द से जल्द गहाई का काम पूरा करें, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।

 मौसम परिवर्तन में स्वास्थ्य के प्रति रहें सतर्क

अचानक बदले मौसम को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. प्रशांत सोनी ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ठंड से बचाने की जरूरत है। सभी लोग गर्म कपड़े पहनें और अनावश्यक यात्रा से बचें। खानपान में ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता दें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं तथा अत्यधिक ठंड के दौरान सुबह की सैर करने से बचें। उन्होंने ठंड लगने, कंपकंपी, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।*




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch