राजनांदगांव: पटवारियों की हड़ताल का असर अब आम लोगों के साथ विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य पर भी पड़ने लगा है। जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन करने वाले हजारों लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। जिले में तीन हजार से अधिक प्रमाण पत्रों के आवेदन लंबित पड़े हैं। पटवारियों के हड़ताल पर जाने और उनके डिजिटल आइडी बंद होने से प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया लगभग ठप हो गई है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा उन युवाओं को भुगतना पड़ रहा है, जो सरकारी नौकरी पाने की तैयारी में जुटे हैं और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन करना चाहते हैं।
दरअसल, केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में लगातार सरकारी भर्तियां निकल रही हैं। इन भर्तियों में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र सहित कई जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रारूप में जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। वहीं छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होने का लाभ लेने के लिए निवास प्रमाण पत्र जरूरी है। ऐसे में प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से युवाओं के सामने भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का संकट खड़ा हो गया है।
कई विभागों में निकली है भर्ती, दस्तावेजों के लिए परेशानी
वर्तमान में सहायक ग्रेड-तीन, विद्युत वितरण कंपनी में डाटा एंट्री आपरेटर, रेलवे में स्टेशन मास्टर, इंजीनियर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इन पदों के लिए आवेदन करने के इच्छुक युवा जरूरी दस्तावेज जुटाने में लगे हैं। लेकिन पटवारियों की हड़ताल के चलते प्रमाण पत्रों का सत्यापन और जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। कई आवेदकों को डर है कि प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने से वे आवेदन करने से वंचित रह जाएंगे। जिन युवाओं ने लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की है, उनके लिए यह स्थिति और अधिक चिंताजनक बन गई है।
हड़ताल पर गए पटवारियों को नोटिस, वेतन भी रोका
पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्यों के साथ प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। प्रशासन की ओर से हड़ताल पर गए पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा उनका वेतन रोकने की कार्रवाई भी की गई है। इसके बावजूद हड़ताल जारी रहने से लंबित आवेदनों का निराकरण नहीं हो पा रहा है।
रोहित वर्जन दे रहा, तहसीलदार का