राजनांदगांव : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस ने 38वीं एनसीसी बटालियन के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में जागरूकता अभियान चलाया। इसमें करीब 350 एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देकर स्वयं उनका पालन करने और परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक यातायात कृष्णकांत वाजपेयी के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी निरीक्षक शंकरगिरी गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैडेट्स को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में कर्नल प्रवल, लेफ्टिनेंट कर्नल संजेश कुमार भवनानी, सूबेदार मेजर सतवड़ी सिंह सहित सैन्य अधिकारी और स्टाफ के 17 सदस्य तथा करीब 350 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।
लापरवाही बनती है दुर्घटनाओं का कारण
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी निरीक्षक शंकरगिरी गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक येन लाल चंद्राकर, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव, ओमप्रकाश सिन्हा और रविकांत ने कैडेट्स को बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चलाने में लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। कैडेट्स को दोपहिया वाहन चलाते समय आइएसआइ मार्क का हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी गई। इसके अलावा तेज गति से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के प्रति सचेत किया गया।