राजनांदगांव : मोहारा के पुन्नी मेले में इस बार छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य-संगीत की छटा बिखरेगी। 23 और 24 नवंबर को दो दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन सोनहा बादर और दूसरे दिन लोकधारा के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा पर शिवनाथ नदी के तट पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पुन्नी मेला इस बार 23 से 25 नवंबर तक चलेगा। नागरिकों की मांग पर मेले की अवधि तीन दिन रखी गई है। पूर्णिमा के दिन सुबह श्रद्धालु शिवनाथ नदी में स्नान कर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना और दीपदान करेंगे। दोपहर से मेले में लोगों की चहल-पहल शुरू होगी।
महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि 23 नवंबर को शाम छह बजे से बालोद जिले के गुरुर क्षेत्र के चिटौद निवासी जितेंद्र साहू के संचालन में छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम सोनहा बादर की प्रस्तुति होगी। वहीं, 24 नवंबर को रायपुर के डा. तिलक राजा साहू के संचालन में लोकधारा के कलाकार पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत करेंगे। महापौर ने नागरिकों से दोनों दिन मोहारा पहुंचकर मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।