राजनांदगांव :-इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं और जरूरतमंद की मदद से बड़ा कोई पुण्य नहीं। आज के दौर में जब समाज में धर्म और मजहब के नाम पर दूरियां बढ़ाने की कोशिशें होती हैं वहीं संस्कारधानी राजनांदगांव के बलदेव बाग निवासी सोहेल खान अपने नेक कार्यों से मानवता, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसी जरूरतमंद की मदद करने से पहले उसका धर्म, जाति या मजहब नहीं देखा जाना चाहिए बल्कि उसकी परेशानी को समझकर उसे सहायता पहुंचाना ही सच्चा इंसानी धर्म है।
सोहेल खान का सेवा कार्य उन लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन रहा है, जो किसी कारणवश अपने घर-परिवार से बिछड़ जाते हैं और अनजान रास्तों पर भटकने लगते हैं। मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति हों, रास्ता भटककर दूसरे शहर या प्रदेश पहुंच गए लोग हों अथवा रोजी-रोटी की तलाश में निकले प्रवासी मजदूर, सोहेल ऐसे लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते हैं। वे न केवल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हैं, बल्कि उनके खाने-पीने की व्यवस्था करते हैं, उनकी स्थिति को समझते हैं और उनके परिजनों का पता लगाकर उन्हें सकुशल घर पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हाल ही में हरियाणा से भटककर राजनांदगांव पहुंचे त्रिलोक बनवाला जाट के मामले में भी सोहेल खान ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने त्रिलोक को देखा तो उनकी परेशानी को समझते हुए उन्हें संभाला, भोजन-पानी की व्यवस्था की और उनके परिजनों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोहेल के प्रयासों से एक बिछड़े हुए व्यक्ति को अपने परिवार से मिलने का रास्ता मिला। जामा मस्जिद के मीडिया प्रभारी सैय्यद अफजल अली ने बताया कि बलदेव बाग निवासी सोहेल खान दरगाह जलाल बाग, पार्री नाला में फूल-चादर एवं पूजा सामग्री की दुकान संचालित करते हैं। अपने व्यवसाय के साथ-साथ वे लंबे समय से मानव सेवा के कार्य में जुटे हुए हैं। अब तक वे लगभग 11 से 12 भटके हुए व्यक्तियों को उनके परिजनों से मिलवाने में मदद कर चुके हैं। खास बात यह है कि इस नेक कार्य में उन्होंने कभी किसी व्यक्ति का धर्म या मजहब नहीं देखा। उनके लिए हर जरूरतमंद सबसे पहले एक इंसान है और उसकी मदद करना ही उनका सबसे बड़ा दायित्व है। सोहेल खान का यह कार्य समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि मानवता की सेवा के लिए न तो किसी बड़े पद की जरूरत है और न ही धन-दौलत की। किसी भटके हुए व्यक्ति को सही रास्ता दिखाना, भूखे को भोजन कराना, प्यासे को पानी पिलाना, परेशान व्यक्ति को सहारा देना और बिछड़े हुए व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाना भी समाज सेवा का बड़ा उदाहरण है। आज जरूरत इस बात की है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के लोगों के प्रति संवेदनशील बने और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए आगे आए। क्योंकि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने और किसी परिवार को उसके बिछड़े सदस्य से मिलाने से बड़ा सुकून शायद ही कोई दूसरा हो। संस्कारधानी राजनांदगांव की उस सांझी संस्कृति को मजबूती प्रदान करता है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। उनका यह प्रयास बताता है कि मजहब भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इंसानियत का रास्ता सबको एक साथ जोड़ता है। सचमुच, इंसानियत ही सबसे बड़ा मजहब है। नफरत की दीवारों को गिराकर प्रेम, भाईचारे और सहयोग का वातावरण बनाना ही ऐसे प्रयासों की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सोहेल खान जैसे लोग समाज को यह याद दिलाते हैं कि इंसान की पहचान उसके धर्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म और दूसरों के प्रति उसके व्यवहार से होती है।