November 22, 2026


आइजी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं दिए सुधार के निर्देश

मोहला में परेड का निरीक्षण कर उत्कृष्ट जवानों को किया पुरस्कृत, रक्षित केंद्र में जिम्नेजियम और थाना परिसर में यातायात शाखा का किया उद्घाटन

राजनांदगांव: पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण, अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद और पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित थाना मोहला की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित परेड से हुई। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में जवानों ने सलामी दी। आइजी ने परेड का निरीक्षण कर उत्कृष्ट वेशभूषा और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।

रक्षित केंद्र में आयोजित पुलिस दरबार में अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने जिले में सीमित संसाधनों के बीच किए जा रहे कार्यों और शासकीय आवासों की कमी से कर्मचारियों को हो रही परेशानी की जानकारी दी। आइजी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि और जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को संवेदनशील, सजग और कर्तव्यनिष्ठ रहना चाहिए। आम नागरिक न्याय और सुरक्षा के लिए पुलिस पर भरोसा करते हैं। उनके साथ अच्छा व्यवहार और जिम्मेदारी से कार्य करना इस विश्वास को बनाए रखने के लिए जरूरी है।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, डीएसपी मुख्यालय नेहा पवार, एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नोहरलाल मंडावी, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आइजी ने रक्षित केंद्र में नवनिर्मित आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम का उद्घाटन किया। इससे पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस के लिए सुविधा मिलेगी। इसके बाद थाना मोहला परिसर में यातायात शाखा का उद्घाटन किया। इससे यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

 कार्यालय और थाने की व्यवस्थाएं जांचीं

आइजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर आइजी ने अभिलेखों और रिकार्ड संधारण की समीक्षा की। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों की सराहना की और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया। थाना मोहला के निरीक्षण में साफ-सफाई, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव, अपराधों की जांच-विवेचना और अभिलेखों की स्थिति देखी।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch