November 20, 2026


कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिलेगा आर्थिक संबल, जैविक खेती को भी मिलेगी मजबूती - जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी

दंतेवाड़ा जैसे जनजातीय एवं कृषि प्रधान जिले के किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

दंतेवाड़ा :  छत्तीसगढ़ शासन की कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता दिए जाने के निर्णय का जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने स्वागत किया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना बस्तर संभाग सहित दंतेवाड़ा जैसे जनजातीय बहुल एवं जैविक कृषि की विशिष्ट पहचान रखने वाले जिले के किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष मुड़ामी ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले में बड़ी संख्या में किसान पारंपरिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों से जुड़े हैं। भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित सिंचाई सुविधाओं और वर्षा आधारित खेती के कारण कई क्षेत्रों में कृषि उत्पादन अपेक्षाकृत कम रहता है। ऐसे में कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली प्रति एकड़ आदान सहायता किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी तथा उन्हें खेती-किसानी में आवश्यक निवेश करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्रता एवं सत्यापित रकबे की निर्धारित शर्तों के अधीन 21 क्विंटल प्रति एकड़ की धान विक्रय सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित आदान सहायता का लाभ मिल सकेगा। इससे प्राकृतिक एवं स्थानीय परिस्थितियों के कारण कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी आर्थिक राहत मिलेगी और उनकी कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष मुड़ामी ने कहा कि दंतेवाड़ा की पहचान केवल खनिज संपदा एवं प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की पारंपरिक कृषि और जैविक खेती भी जिले की महत्वपूर्ण विशेषता है। किसानों को मिलने वाली सहायता से कृषि संसाधनों की उपलब्धता बढ़ेगी, जैविक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि योजना का लाभ जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में निवासरत किसानों तक भी पहुंचेगा। साथ ही जिले के किसानों से अपील की कि वे आवश्यक पंजीयन, एग्रीस्टैक प्रक्रिया, डिजिटल क्रॉप सर्वे में रकबा सत्यापन तथा बैंक खाते से आधार लिंकिंग की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के तहत लाभान्वित होने से वंचित न रहे।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch