रामकुमार गुप्ता आरंग : राजा मोरध्वज आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सामाजिक मानस संगठन आरंग के अध्यक्ष मानस लोधी का 64वां जन्मदिवस 19 नवंबर, गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मानस संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें रामायण ग्रंथ भेंटकर सम्मानित किया तथा जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मानस लोधी ने अपने जन्मदिवस को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करते हुए 64 दीप प्रज्वलित किए। साथ ही अपने स्वर्गीय माता-पिता के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया और श्रद्धापूर्वक आशीर्वाद प्राप्त किया। उनका यह भावपूर्ण आयोजन परिवार एवं समाज के प्रति सम्मान, संस्कार और कृतज्ञता का संदेश देने वाला रहा।
उल्लेखनीय है कि मानस लोधी के मार्गदर्शन में आरंग में धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियां निरंतर संचालित हो रही हैं। नारायणबन हनुमान मंदिर में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ तथा पीपलेश्वर पंचमुखी महादेव मंदिर में प्रत्येक शनिवार को सामूहिक रामायण पाठ का आयोजन मानस संगठन के माध्यम से किया जाता है। इन आयोजनों के जरिए संगठन धार्मिक चेतना, आध्यात्मिक संस्कार एवं सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।
जन्मदिवस के अवसर पर मानस लोधी के निवास पर मानस संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से रामचरितमानस के पंचम सोपान सुंदरकांड का पाठ किया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर हीरालाल साहू, अशोक साहू, अवध विश्वकर्मा, ओमकार विश्वकर्मा, संतोष लोधी, प्रेम वर्मा, धनऊ धुरंधर, देवशरण साहू, उपेंद्र साहू, लक्ष्मीनाथ साहू, परमानंद जलक्षत्री, पुरानीक हिरवानी, मनहरण साहू, नारायण पाल, कामता प्रसाद पाल, गैंदलाल साहू, मनहरण वर्मा, धनंजय लोधी, रेखू लोधी, दीप लोधी, मदनमोहन सोनकर, सीताराम यादव, मोहन गुप्ता, गेंदलाल धीवर, निकेश निषाद, जितेन्द्र लोधी, भुवन साहू, तीरथ राम साहू, विष्णु प्रसाद साहू, शत्रुघ्न लोधी, विनोद गुप्ता गुरुजी एवं टोकेश साहू सहित मानस संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण एवं आत्मीय शुभकामनाओं के बीच संपन्न हुआ।