September 23, 2026


:गणेश प्रतिमा का समय पर विसर्जन हो विसर्जन जुलूस में अश्लील गानों से बचें

हिंदू जागरण मंच राजनांदगांव ने श्रद्धालुओं से की मर्यादित एवं धार्मिक आयोजन की अपील

राजनांदगांव :- गणेश उत्सव के समापन अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर हिंदू जागरण मंच राजनांदगांव ने श्रद्धालुओं एवं गणेशोत्सव समितियों से धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की विनम्र अपील की है। मंच ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन श्रद्धा, आस्था और भक्ति का विषय है, इसलिए विसर्जन जुलूस को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए धार्मिक वातावरण बनाए रखा जाना चाहिए।

हिंदू जागरण मंच ने अपील करते हुए कहा कि गणेश प्रतिमा का विसर्जन अनावश्यक रूप से देर रात तक न किया जाए। समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित समय एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंच ने विशेष रूप से विसर्जन जुलूस में बजने वाले डीजे को लेकर भी अपील की है। हिंदू जागरण मंच ने कहा कि धार्मिक आयोजन में अश्लील, आपत्तिजनक अथवा अमर्यादित गानों का प्रयोग नहीं होना चाहिए। डीजे पर भक्ति गीत, गणेश वंदना, धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीत बजाए जाएं, जिससे पूरे विसर्जन कार्यक्रम की गरिमा एवं धार्मिक भावना बनी रहे।

मंच के अनुसार भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को विदाई देना केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए भावनात्मक एवं धार्मिक अवसर है। इसलिए विसर्जन जुलूस में अनुशासन, शालीनता और आपसी भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। युवाओं से भी अपील की गई है कि वे उत्साह के साथ-साथ धार्मिक मर्यादा का विशेष ध्यान रखें।

हिंदू जागरण मंच राजनांदगांव ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से भी अपील की है कि विसर्जन मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी गणेश उत्सव समितियां शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से प्रतिमा विसर्जन कर सकें।

मंच ने शहरवासियों एवं गणेशोत्सव समितियों से अपील करते हुए कहा कि “गणपति बप्पा की विदाई भक्ति और श्रद्धा के साथ हो, उत्सव की मर्यादा बनी रहे और विसर्जन निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया जाए।”

हिंदू जागरण मंच राजनांदगांव ने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण का ध्यान रखते हुए गणेश प्रतिमा विसर्जन में सहयोग करने का आह्वान किया है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch