मोहला: गुरुवार की सुबह छुरिया मंदिर के समीप मालवाहक की बिजली खंभे से जबरदस्त टक्कर हो गई। सुबह यहां से गुजरते राहगीरों ने जब वाहन को देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। राजनांदगांव से मानपुर की ओर मुर्गी लेकर जा रहा पिकअप वाहन सुबह लगभग पांच बजे तेज रफ्तार में खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात है कि इतनी भीषण टक्कर के बाद भी मालवाहक के ड्राइवर और कंडक्टर सुरक्षित है। बताया गया कि सुबह के समय ड्राइवर को नींद की झपकी आने के चलते यह हादसा हुआ। गाड़ी केशकाल की बताई जा रही है। किसी ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। गाड़ी में मुर्गियां भरी हुई थी जिन्हें दूसरे वाहन में डालकर ले जाया गया है।