June 23, 2026


प्रशासनिक कसावट और राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल,राष्ट्रगान के साथ होती है कार्यदिवस की शुरुआत


  सुकमा: जिला प्रशासन सुकमा में अनुशासन, समयबद्धता और कार्य के प्रति समर्पण की एक नई और प्रेरक बयार बह रही है। कलेक्टर श्री अमित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतिदिन की तरह मंगलवार को प्रातः ठीक 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान "जन गण मन" का गायन किया। जिला पंचायत सहित सुकमा के सभी शासकीय कार्यालयों में प्रत्येक कार्यदिवस की शुरुआत इसी देशभक्ति की भावना के साथ की जा रही है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार ने स्वयं अग्रिम पंक्ति में रहकर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि राष्ट्रगान से दिन की शुरुआत न केवल कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है, बल्कि आम जनता की सेवा के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी सुदृढ़ करती है।

 विगत 6 महीनों से लगातार चल रही इस अनूठी पहल का सीधा और सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखने लगा है। राष्ट्रगान के तुरंत बाद सभी अधिकारी-कर्मचारी एक नई उमंग और अनुशासन के साथ अपने-अपने विभागों की ओर रुख करते हैं। इस व्यवस्था ने दफ्तरों में लेट-लतीफी के कल्चर को पूरी तरह खत्म कर दिया है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में अभूतपूर्व सक्रियता और प्रभावशीलता आई है। सामूहिक राष्ट्रगान की इस गौरवमयी शुरुआत ने सरकारी कार्यालयों के माहौल को अधिक ऊर्जावान और जन-हितैषी बना दिया है।

    समयबद्धता के साथ-साथ प्रशासन ने पारदर्शिता और आधुनिकता को भी अपना मूल मंत्र बनाया है। राष्ट्रगान के उपरांत सभी अधिकारी-कर्मचारी बायोमैट्रिक अटेंडेंस के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। इसके अलावा, जिला प्रशासन के समस्त कार्यों को 'ई-ऑफिस' प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन और पूरी पारदर्शिता के साथ संपादित किया जा रहा है। सुकमा जिला प्रशासन की यह आधुनिक और अनुशासित कार्यशैली आज अन्य जिलों के लिए भी एक मार्गदर्शक और प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch