June 19, 2026


शिल्प मड़ई में आज भरथरी एवं लोक बयार की प्रस्तुति

आरंग । धरोहर शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान रायपुर द्वारा संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से 19 से 21 जून 2026 तक महंत घासीदास संग्रहालय परिसर, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय संस्कृति शिल्प मड़ई में आज लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। कार्यक्रम के अंतर्गत लोक कलाकार रेखा देवी जलछत्री द्वारा भरथरी तथा गंगा साहू द्वारा लोक बयार की प्रस्तुति दी जाएगी।

शिल्प मड़ई में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विलुप्त होते लोक वाद्यों, पारंपरिक कृषि यंत्रों, ढेलुवा झूला तथा स्थानीय शिल्प कलाकारों की कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रायपुर दक्षिण सुनील सोनी ने किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने लोक कलाकार राकेश तिवारी द्वारा लोक कला के संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।

उद्घाटन समारोह में आमंत्रित कलाकार पंडवानी गायिका प्रभा यादव एवं लोक गायिका कविता वासनिक का श्रीफल, शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया।

आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 7 बजे से प्रारंभ होंगे। शिल्प मड़ई में प्रवेश एवं सभी कार्यक्रम आमजन के लिए निःशुल्क हैं।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch