आरंग: मां कौशल्या जिला मानस संघ रायपुर से संबद्ध राजा मोराध्वज मानस शक्ति केंद्र आरंग की समीक्षा एवं कार्यकारिणी बैठक मंगलवार को पिपलेश्वर स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस कार्यक्रम में मानस शक्ति केंद्र से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य एवं लगभग 50 रामायण मंडलियों के प्रमुखों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव के जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार एवं आरती के साथ हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं पदाधिकारियों ने पंचमुखी महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात मानस संगठन के अध्यक्ष मानस लोधी द्वारा हनुमान चालीसा भेंट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बैठक में भगवान श्रीराम की स्तुति, हनुमान चालीसा एवं बजरंग बाण का सामूहिक पाठ भी किया गया।
बैठक में नरेंद्र द्विवेदी, पुराणिक हिरवानी, सीताराम यादव, परमानंद जलक्षत्री, लक्ष्मीनाथ साहू, गैंदालाल धीवर, मानस लोधी, लाला संतोष लोधी, भुवन साहू, हीरालाल साहू, अशोक साहू, देवशरण साहू, शत्रुघ्न लोधी एवं विनोद गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभिन्न रामायण मंडलियों के प्रमुखों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सात्विकता, धार्मिकता एवं आध्यात्मिकता के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि रामचरितमानस के पावन प्रसंगों और आदर्शों का जन-जन तक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, जिससे समाज में नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का विकास हो सके।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। सर्वसम्मति से व्याख्यान प्रशिक्षण, तुलसीदास जयंती, मानस संगोष्ठी तथा गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अंत में संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक रामायण मंडलियों को जोड़ने पर जोर दिया गया।