रायपुर : राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2,100 नशीली टैबलेट जब्त की हैं। इनकी अनुमानित कीमत 8.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में 30 वर्षीय मोहम्मद असजद को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने टैबलेट ओडिशा से लाना बताया है। पुलिस अब इनके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डीडी नगर थाना क्षेत्र के महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड के आसपास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
थैले की तलाशी में मिलीं 2,100 नाइट्राजेपम टैबलेट
पुलिस ने संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद असजद, निवासी डंगनिया, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) की 2,100 टैबलेट बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक, टैबलेट रखने और उनकी बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने इन टैबलेट को ओडिशा से लाना बताया।
आरोपी के कब्जे से बरामद टैबलेट की कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 22(सी) में मामला दर्ज किया है।
सप्लाई नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित टैबलेट आरोपी तक कहां से पहुंचीं और इन्हें किन लोगों को बेचा जाना था। जांच में टैबलेट की खरीद, परिवहन और वितरण से जुड़े संभावित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर कमिश्नरेट में NDPS के 94 मामलों में 207 गिरफ्तारियां
पुलिस के जारी आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक NDPS एक्ट के 94 मामलों में कुल 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 7 करोड़ 19 लाख 81 हजार 600 रुपये कीमत के मादक पदार्थों और अन्य सामग्री की जब्ती बताई है।
जब्त सामग्री में गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, MDMA, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम सहित नकदी, वाहन, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी और सप्लाई में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।