किरंदुल : विकासखंड कुआकोंडा में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने हेतु एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई है।संकुल केंद्र कुआकोंडा क्रमांक-1 एवं क्रमांक-2 में संकुल प्राचार्या श्रीमती शेफाली भदौरिया के नेतृत्व में विज्ञान प्रदर्शनी एवं टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) मेले का आयोजन किया गया।
इस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना था। आयोजन में संकुल के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आकर्षक विज्ञान मॉडल और नवाचारी टीएलएम प्रस्तुत किए। बच्चों की रचनात्मकता ने सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद भदौरिया एवं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी मनोज राठौर उपस्थित रहे। साथ ही एसएमसी अध्यक्ष, पालकगण एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद भदौरिया ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, ऐसे आयोजन उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी देते हैं। उन्होंने संकुल प्राचार्या श्रीमती शेफाली भदौरिया की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे अन्य संकुलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल समन्वयक चंद्रकांत छाटा, गोविंद सोरी सहित समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।