राजनांदगांव: त्योहार के पहले नगर निगम ने शहर में डबल एक्शन शुरु कर दिया है। निगम द्वारा पार्किंग, बाजार को व्यवस्थित करने का प्लान क्रियान्वित किये जाने मैदानी तैयारी की जा रही है। दूसरी ओर, शहर के अलग अलग इलाके में चल रही मांस-मटन की दुकानों को एक जगह विस्थापित करने के मामले में भी कार्रवाई जारी है।
सोमवार शाम नगर निगम, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के बिरयानी सेंटरों की जांच की। इस दौरान एवन बिरयानी सेंटर में व्यावसायिक उपयोग के स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल मिलने पर तीन सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने खाद्य सामग्री का नमूना भी लिया। संयुक्त टीम ने एवन बिरयानी सेंटर के अलावा होटल अंसारी, कैफे मदीना और अन्य बिरयानी सेंटरों में खाद्य सुरक्षा संबंधी अनुमति, लाइसेंस, साफ-सफाई और गैस सिलेंडरों के उपयोग की जांच की। इन प्रतिष्ठानों से चिकन बिरयानी के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
नगर निगम के अनुसार, पिछले दिनों फ्लाईओवर के नीचे संचालित बिरयानी सेंटरों के लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच की गई थी। सोमवार को निरीक्षण के दौरान वहां के बिरयानी सेंटर बंद मिले। निगम के अनुसार इन मामलों में अब तक 20 से अधिक नोटिस जारी की जा चुकी हैं। संचालक इसका जवाब नहीं दे पा रहे हैं। जबकि कुछ दुकानें काफी दिनों से नहीं खोली जा रही है।
पार्किंग की तैयारी में जुटा अमला
आठ स्थानों पर अस्थाई पार्किंग काम काम भी तेजी से चल रहा है। सोमवार को निगम और यातायात अमले ने इन स्थानों में तैयारियों का निरीक्षण किया। पुत्री शाला, शिवाजी पार्क, पुराना जिला अस्पताल, गंज चौक, दुर्गा टाकिज के पास, फ्लाई ओवर के नीचे पार्किंग के लिए सफाई, लेवलिंग और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। पसरा व्यापारियों के लिए महावीर चौक में फ्लाईओवर के नीचे तैयारी की जा रही है। पहले चरण में ऐसे पसरा लगाने वालों से आवेदन मंगाए गए हैं।