October 28, 2026


सुरक्षित बचपन का संदेश लेकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचा विधिक सेवा प्राधिकरण, पॉक्सो कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

रामकुमार गुप्ता आरंग। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के मार्गदर्शन में गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, आरंग में विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल शोषण से बचाव, पॉक्सो अधिनियम और साइबर अपराधों से सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण, आरंग श्री शिवेन्द्र टेकाम तथा अधिवक्ता ज्ञानेश बंजारे ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो अधिनियम) के प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने बाल अधिकारों, बाल शोषण की पहचान, उससे बचाव और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि अपने विश्वसनीय अभिभावक, शिक्षक अथवा संबंधित प्राधिकारी को इसकी जानकारी दें।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

पुलिस विभाग की ओर से नरवेराम ध्रुव ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सचेत किया। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, इंटरनेट पर अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने तथा ओटीपी, पासवर्ड और निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।

‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ के संदेश से किया जागरूक

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर की अधिकार मित्र श्रीमती राजेश्वरी जेरी ने ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’, ‘बोलो-बताओ-बचाओ’, ‘ना बाल विवाह, ना बाल शोषण’ तथा ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’ जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, बाल विवाह और बाल शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों का विरोध करने तथा किसी भी संकट की स्थिति में बिना संकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को उपलब्ध कानूनी सहायता और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।

सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना और आवश्यकता पड़ने पर समय पर सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुरक्षा एवं सहायता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को जागरूक और सतर्क रहने की सीख दी।

प्राचार्य ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर, तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण, आरंग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ अपने अधिकारों की रक्षा करने और सुरक्षित वातावरण में रहने के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch