October 24, 2026


गोठ-बात में पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, त्वरित निराकरण का दिया भरोसा

रामकुमार गुप्ता आरंग :  नगर पालिका परिषद आरंग के पुराने कार्यालय में शनिवार को आयोजित ‘गोठ-बात’ कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। कार्यक्रम में जमीन, भवन निर्माण की अनुमति, आवास योजना की किश्त, पेयजल, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट और सामाजिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई मामले सामने आए। डॉ. जैन ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए प्राथमिकता से आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

प्रतिबंधित प्लॉटिंग के खरीदारों ने मांगी भवन निर्माण की अनुमति

गोठ-बात कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 06 स्थित सी.एम. चन्द्राकर कॉलोनी के उन प्लॉट खरीदारों ने पालिका अध्यक्ष से मुलाकात की, जो पूर्व परिषद एवं पूर्व शासनकाल के दौरान प्लॉटिंग को अवैध घोषित कर निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने से प्रभावित हैं। खरीदारों ने अपनी परेशानी बताते हुए खरीदे गए प्लॉटों पर भवन निर्माण की अनुज्ञा प्रदान करने की मांग की और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले का उचित समाधान निकालने की अपील की, ताकि उन्हें अपने भूखंडों पर निर्माण कार्य करने का अवसर मिल सके।

76 डिसमिल जमीन के मामले में न्याय की गुहार

ग्राम गुल्लू निवासी रामसेवक लोधी ने बंदोबस्त सुधार के दौरान हुई लिपिकीय त्रुटि के कारण अपनी 76 डिसमिल जमीन का मामला अटक जाने की समस्या रखी। उन्होंने संबंधित त्रुटि में सुधार कर जमीन वापस दिलाने के लिए पालिका अध्यक्ष से पहल करने की मांग की।

आवास की किश्त से लेकर पेयजल और नाली निर्माण तक की मांगें

वार्ड क्रमांक 13 ओडका निवासी तिजाऊ मारकंडे ने आवास योजना की लंबित किश्त जारी कराने की मांग रखी। वहीं धर्मेंद्र मारकंडे ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए आवेदन दिया, ताकि मोहल्ले में रोशनी की समुचित व्यवस्था हो सके।

वार्ड क्रमांक 05 पटेल पारा के नागरिकों ने पुरुषोत्तम पटेल के नेतृत्व में पालिका अध्यक्ष से मुलाकात कर मोहल्ले में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अंडरग्राउंड नाली का निर्माण कराने की मांग की। मोहल्लेवासियों ने इन सुविधाओं को जनहित के लिए आवश्यक बताते हुए शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।

इसी क्रम में पार्षद उमाकांत यादव और यादव समाज के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में पेवर टाइल्स लगवाने तथा सामाजिक भवन में शौचालय निर्माण कराने की मांग रखी। उन्होंने इन कार्यों को पूरा कराने के लिए नगर पालिका स्तर पर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

जनसमस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने का आश्वासन

गोठ-बात कार्यक्रम के दौरान डॉ. संदीप जैन ने सभी नागरिकों की समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के साथ विचार कर नियमानुसार उचित कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष रखने का अवसर मिला। अब संबंधित आवेदकों को अपनी मांगों के निराकरण और लंबित मामलों में सकारात्मक पहल की उम्मीद है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch