June 11, 2022


राज्यसभा चुनाव में हारे अजय माकन, इनके लिए छत्तीसगढ़ में हुई थी कांग्रेस विधायकों की बाड़ेबंदी

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को विधायकों को संभालने की दी गयी थी खास जिम्मेदारी

नई दिल्ली। गांधी परिवार के करीबी अजय माकन राज्यसभा चुनाव हार गये हैं। शुक्रवार 10 जून 2022 को देर रात आये नतीजे में निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा का विजयी घोषित किया गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक कुलदीप विश्नोई ने क्रास वोटिंग की जिसके  कारण अजय माकन को हार का सामना करना पड़ा। माकन को 30 वोट मिले। इसमें से एक वोट रद्द हो गया। इस वजह से माकन चुनाव हार गये। 

पहले कांग्रेस ने माकन को विजयी घोषित कर दिया था। किन्तु जब निर्वाचन आयोग से जानकारी मिली कि माकन को मिले 30 वोटों में से एक वोट रद्द हो गया है तो कांग्रेस ने पुनर्मतगणना की मांग की। कांग्रेस की मांग पर पुनर्मतगणना शुरू हुई और भोर में 2 बजकर 24 मिनट पर परिणाम की घोषणा की गयी। 

परिणाम में निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा को विजयी घोषित किया गया। बता दें कांग्रेस के पास कुल 31 विधायक हैं। इनमें से तीन विधायक पहले से ही नाराज चल रहे थे। नाराज विधायक निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा के संपर्क में थे। 

इसे दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस ने अपने 29 विधायकों को छत्तीसगढ़ भेजकर यहां एक रिसार्ट में बाड़ेबंदी कर रखा था। इसके लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रभारी बनाकर कांग्रेस विधायकों पर नजर रखने को कहा गया था। 

9 जून 2022 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के विधायकों को लेकर हरियाणा गये थे और वहां एक होटल में सभी को रोकने के बाद 10 जून 2022 को सीधे विधानभवन भेजकर वोटिंग कराई गई थी। किन्तु कांग्रेस की यह बाड़ेबंदी सफल नहीं हो सकी। अंतत: वही हुआ जिसका डर था। 

बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक कुलदीप विश्नोई ने क्रास वोटिंग कर दी जिसके कारण अजय माकन को चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा। 


Advertisement

Tranding News

Get In Touch