राजनांदगांव :- शहर के भदोरिया चौक स्थित ऋषभ टावर में चप्पल-जूते रखने के स्थान एवं थूकने के स्थान पर हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें लगाए जाने के मामले को लेकर हिंदू जागरण मंच जिला राजनांदगांव ने कड़ा विरोध जताया है। इस कृत्य को सनातन धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए संगठन ने बसंतपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार सार्वजनिक स्थानों पर देवी-देवताओं की तस्वीरें लगाकर अपमान करना निंदनीय है और इससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल उक्त तस्वीरों को हटाया जाए एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शिकायत दर्ज कराने के दौरान हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता प्रवीण शर्मा, जुगल गुप्ता, हेमलाल ढीमर, ऋषभ मल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।
हिंदू जागरण मंच ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन द्वारा व्यापक आंदोलन किया जाएगा।