नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ घंटे बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अजित पवार ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ने देश के विकास के लिए एकनाथ शिंदे सरकार का हिस्सा बनने का फैसला किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने एनसीपी में किसी भी तरह के विभाजन से इंकार करते हुए कहा कि वे भविष्य के सभी चुनाव एनसीपी के चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे।
अजित पवार ने कहा कि (पार्टी के) सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने सरकार में शामिल होने के फैसले का समर्थन किया है। अजित पवार ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि विकास को महत्व देना बहुत जरूरी है। पिछले 9 साल से पीएम मोदी जिस तरह विकास के लिए काफी काम कर रहे हैं। उसे देखकर मुझे लगा कि मुझे भी विकास की यात्रा में भागीदार होना चाहिए, इसलिए मैं एनडीए में शामिल होना चाहता था।
विपक्ष में नेतृत्व की कमी
अजित पवार ने कहा कि अपना देश जब से आजाद हुआ तब से आपने देखा कि देश नेतृत्व से आगे बढ़ाता है। पहले नेहरू जी थे, पटेल जी थे, उसके बाद लाल बहादुर जी का नेतृत्व आया, उसके बाद फिर इंदिरा जी का नेतृत्व आया। इमरजेंसी के बाद इंदिरा जी के नेतृत्व में ही सरकार बनी। उसके बाद राजीव जी की सरकार बनी। 1984 के बाद अपने देश में कोई भी एक ऐसा नेता जिसके नेतृत्व में देश आगे गया, ऐसा नहीं हुआ। अलग-अलग गुट में सरकार बनी।
अजित पवार ने कहा कि आपने पिछले नौ साल में देखा होगा कि मोदी जी के नेतृत्व में सरकार विकास के लिए कार्य कर रही है। विदेश में भी उनको खूब सम्मान मिला।।। ऐसा सब ठीक तरह से चालू है। सामने वाले विरोधी केवल अपने-अपने राज्य का देखते हैं। विपक्ष का कोई नेता जो नेतृत्व कर सके, मुझे नहीं दिखता है। अजित पवार ने विपक्षी एकता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी के खिलाफ पूरा विपक्ष बिखरा हुआ है विपक्ष। उनकी आपस में ही लड़ाई है।
नाम और सिंबल मेरे पास- अजित पवार
अजित पवार ने स्पष्ट कहा कि पार्टी का नाम और सिंबल भी मेरे पास ही रहेगा। मैंने बाकी विधायकों से भी संपर्क किया है और कई सारे विधायक आज शाम तक यहां पहुंचेगे। उन्होंने साफ कहा कि इसके आगे हम चाहे भी चुनाव चाहे वो जिला परिषद के हों या अन्य पंचायत चुनाव हो उसे हम पार्टी (NCP) के सिंबल पर लड़ेंगे। आपको याद होगा कि नागालैंड में भी एनसीपी के 7 विधायक चुनकर आए थे और उन्होंने बीजेपी सरकार में विकास की खातिर शामिल होने का फैसला किया।
हमें मिला सभी का आशीर्वाद
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे NCP के शीर्ष नेतृत्व को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि हमें सभी राष्ट्रवादी कांग्रेस वालों का आशीर्वाद प्राप्त है, राष्ट्रवादी कांग्रेस में सब आते हैं। हमारे साथ सभी विधायक हैं और हमारे सारे पार्टी के सारे नेता है। अजित पवार ने कहा कि सभी का मतलब सभी होता है। इस सभी में उन्होंने सुप्रिया सुले और शरद पवार को भी शामिल किया।
कोई नई पार्टी नहीं, हम ही NCP हैं
इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में NCP नेता छगन भुजबल भी शामिल रहे। छगन भुजबल ने कहा कि हमने एनसीपी के तौर पर ही इस सरकार को समर्थन दिया है, उन्होंने साफ कहा कि हमने अलग पार्टी नहीं बनाई है।
शरद पवार ने कुछ दिन पहले कही थी ये बात
छगन भुजबल ने कहा है कि पार्टी का नाम और सिंबल भी हमारे पास ही रहेगा। मैंने बाकी विधायकों से भी संपर्क किया है और कई सारे विधायक आज शाम तक यहां पहुंचेगे। हम पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहते हैं। पवारजी (शरद पवार) ने भी कुछ दिन पहले हमसे कहा था कि देश में प्रधानमंत्री मोदी आने वाले हैं। अगर ऐसा है तो हमें महाराष्ट्र और देश के विकास के लिए उनके साथ जाना चाहिए।