राजनांदगांव: युवाओं की सोच, सवाल और संकल्प ही देश के भविष्य की दिशा तय करते हैं। इसी भावना के साथ दिग्विजय महाविद्यालय में युवाओं की बात… विकसित भारत के साथ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह, जिज्ञासा और विचारों का सार्थक संगम देखने को मिला। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, समसामयिक मुद्दों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े सवाल उठाकर अपनी सोच और अपेक्षाएं सामने रखीं। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि एवं वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडे और जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत शामिल हुए। महाविद्यालय की प्राचार्य सुचित्रा गुप्ता की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के सवालों का सहजता और विस्तारपूर्वक जवाब देते हुए उन्हें विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। संवाद के दौरान विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भागीदारी, शिक्षा की उपयोगिता, रोजगार के अवसर और राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारी जैसे विषय प्रमुख रहे। वक्ताओं ने युवाओं की जिज्ञासाओं को समझते हुए उनके विचारों को सकारात्मक दिशा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विचारों का आदान-प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर देना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा से जोड़ना रहा। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अतुल रायजादा ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार ही विकसित भारत के सपने को साकार करने का आधार हैं।