राजनांदगांव : गोहत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को नागपुर के एक कसाई सहित तीन और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में उजागर हुआ है कि मुख्य आरोपित अब्दुल अलीम उर्फ कनवा, नागपुर से कसाई को बुलाता था। उसके आने के बाद घुमंतू गोवंश को आधी रात घर लाकर हत्या की जाती थी। इसमें कनवा की पत्नी अंजुम, बेटी, भांजा सलमान खान भी शामिल होता था। रात में घर में ही गो हत्या कर उसका मांस निकाला जाता था। आरोपित यह गोमांस 300 रुपये किलो की कीमत पर खरीदारों को उपलब्ध करवाता था।
मामले में रविवार को पुलिस ने एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी (39) निवासी जिला नागपुर और गौरीनगर से खैरून निशा (60) व नसीमा बेगम उर्फ रानी (57) को गिरफ्तार किया । पुलिस के अनुसार इनमें शामिल शहर की महिलाओं ने गोमांस खरीदा था। इससे पहले 17 अक्टूबर को पुलिस ने 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, वहीं एक अन्य नाबालिग को बालिका गृह भेजा गया है।
गोमांस खरीदारों में कुछ चिकन-मटन की दुकान चलाने वाले लोग भी शामिल हैं। ऐसे ही एक आरोपित आरिफ कुरैशी की गौरीनगर मैदान के पास स्थित चिकन की दुकान को निगम प्रशासन ने रविवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। स्थानीय रहवासियों ने ऐसी और दो दुकानों की शिकायत भी की है जिस पर महापौर मधुसूदन यादव ने नोटिस जारी कर कार्रवाई करने की बात कही है।
पांच दिनों में दो गो हत्या हुई
14 अक्टूबर को जब गोहत्या का मामला फूटा तो पुलिस ने एफआइआर कर जांच शुरु की। तकनीकी साक्ष्यों के सहारे पुलिस मुख्य आरोपितों तक पहुंची और उसके बाद इस रैकेट में शामिल लोगों को पकड़ा गया। सामने आया है कि आरोपितों ने पहली गो हत्या 10-11 अक्टूबर की दरम्यानी रात की। इसके बाद दूसरी घटना को 13-15 अक्टूबर के दरम्यान अंजाम दिया गया। इन्हीं दोनों घटनाओं के दूसरे दिन गोवंश के कटे हुए सिर 12 अक्टूबर को गौरीनगर में निर्माणाधीन अंडरब्रिज और 14 अक्टूबर को शीतला तालाब में बरामद किए गए थे।
14 गिरफ्तार हो चुके, बाकियों की तलाश
गो हत्या के इस प्रकरण में अब तक चार महिलाओं सहित 13 गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि एक किशोरी को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में अब्दुल अलीम उर्फ कनवा, अंजुम बेगम, सलमान खान मुख्य आरोपित हैं जिन्होंने गो हत्या की। इनके अलावा मोहम्मद साकिर खान, मोईन गौरी, आरिफ कुरैशी, सलीम अख्तर, सैय्यद नदीम, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद तौहिद रजा खान को 17 अक्टूबर को कोर्ट में पेश किया गया। 19 अक्टूबर को एजाज अहमद उर्फ कसाई, खैरून निशा और नसीमा बेगम उर्फ रानी को गिरफ्तार किया गया है।
कई सेंटरों में बिक रहा, नागपुर कनेक्शन की भी पड़ताल होगी
जैसे जैसे गोहत्या कांड की जांच आगे बढ़ रही है नए रहस्य उजागर हो रहे हैं। जानकारी मिल रही है कि शहर में नागपुर से भी गोमांस की आपूर्ति की जाती है और कुछ चिकन-मटन सेंटर से इन्हें बेचा जाता है। कई खरीदार तो कसाईयों के सीधे संपर्क में रहते हैं। हर महीने ऐसी खेप आने की खबरें सामने आई है। पुलिस इन मामलों की भी पड़ताल में जुट गई है।