October 18, 2026


साल्हेवारा की बेटी भूमिका रजक ने लहराया परचम बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर में 85 प्रतिशत अंक पाकर कॉलेज में बनीं अव्वल

साल्हेवारा :- कवर्धा जिले के शासकीय नवीन महाविद्यालय साल्हेवारा की बीएससी द्वितीय वर्ष (चतुर्थ सेमेस्टर) की छात्रा भूमिका रजक ने अपनी प्रतिभा का डंका बजाते हुए शानदार सफलता हासिल की है। भूमिका ने परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे साल्हेवारा क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।

भूमिका रजक प्रारंभ से ही अत्यंत मेधावी और अध्ययनशील छात्रा रही हैं। हर विषय को गहराई से समझने की उनकी क्षमता और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। कॉलेज स्तर पर भी उन्होंने अपनी इस लगन को बनाए रखा और 85 प्रतिशत अंक हासिल कर कॉलेज में टॉप किया।

भूमिका के पिता मोहित रजक साल्हेवारा में डेली नीड्स की दुकान का संचालन करते हैं और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ सदस्य हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटी की शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी और उसे हमेशा उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। भूमिका की इस सफलता में उनके माता-पिता के त्याग, प्रोत्साहन और खुद भूमिका की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है। उनकी यह सफलता उन तमाम विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा है जो अभावों के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।

होनहार छात्रा भूमिका की इस सफलता पर साल्हेवारा क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता जताई है। उन्हें बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से दिलीप शुक्ला, बहादुर सिंह खुशरो, गिरधारी लाल वर्मा, नरेंद्र पटले, धनीराम डड़सेना और शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल (सेजेस) साल्हेवारा के प्रभारी प्राचार्य जगदीश राम पंचकपाट शामिल हैं।

सभी ने भूमिका की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और विश्वास जताया है कि वे भविष्य में भी अपनी मेहनत के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch