May 28, 2026


दीवान झीटिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी

राजनांदगांव: डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दीवान झीटिया में सोलर पावर प्लांट के लिए कथित रूप से बिना ग्रामसभा के अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना सोलर प्लांट के लिए एनओसी जारी की गई। इसे लेकर ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर ने एक मई को जांच कराई थी, लेकिन अब तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। ग्रामीणों ने इससे पहले 19 मई को चक्काजाम की चेतावनी दी थी। बाद में डोंगरगांव तहसीलदार और जनपद पंचायत सीईओ द्वारा दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन देने पर आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, सांसद संतोष पांडे, भाजपा नेताओं और जिला अध्यक्ष से भी मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की, लेकिन समाधान नहीं निकला। इसी नाराजगी के बीच ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपर कलेक्टर से मुलाकात कर 31 मई तक कार्रवाई नहीं होने पर एक जून को होने वाले जनपद पंचायत सदस्य उपचुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी। आंदोलन में कुशल सिंह राजपूत, मनीष साहू, कोमल साहू, सोहन सिन्हा, शिवम, रमेश, लक्ष्मीनारायण, रामेश्वर निषाद, करण, अमर दास, गंगादास और भागवत साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch