रायपुर : इस खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की धीमी गति, सीमित कार्य दिवसों और उपार्जन केंद्रों में अव्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि इस सरकार की मंशा प्रदेश के किसानों का पूरा धान खरीदने की नहीं है, बल्कि प्रक्रिया को उलझाकर और समय सीमा घटाकर किसानों को उनकी उपज बेचने से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। इस बार धान खरीदी 15 दिन देरी से शुरू की गई और समय से पहले बंद करने की तैयारी है, जिससे छुट्टियों के दिन हटा दें तो किसानों को धान बेचने के लिए पूरे सीजन में केवल 47 दिन ही मिल रहे हैं, जिनमें से 9 दिन बीत चुके हैं। अभी तक सरकार के खुद के तय लक्ष्य का मात्र 2.78 प्रतिशत धान ही खरीदी किया गया है और कुल पंजीकृत किसानों में से केवल 2.53 प्रतिशत किसान ही अपना धान बेच पाएं है। वर्तमान में औसत खरीदी मात्र 30 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन हो रही है जबकि तय 47 दिनों में लक्ष्य प्राप्त करने 3 लाख 46 हजार मीट्रिक टन होना चाहिए। इस रफ्तार से खरीदी होगी तो लक्ष्य प्राप्त करने में 2 साल लगेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने जानबूझकर खरीदी की गति धीमी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू हुए लगभग 10 दिन बीत जाने के बावजूद 23 नवंबर तक प्रदेश में 2.78 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी है, जबकि सरकार 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का बड़ा दावा और लक्ष्य बता रही है। इस रफ्तार से लक्ष्य पूरा होना असंभव है।
प्रदेश में 28 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों के मुकाबले अब तक केवल 70,979 किसान ही अपना धान बेच पाए हैं। बड़ी संख्या में किसानों का धान उपार्जन केंद्रों तक पहुंचने और तुलने का इंतजार कर रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि धान खरीदी 15 दिन देर से शुरू होने और 15 दिन पहले बंद होने की स्थिति में छुट्टियों को काटकर केवल 47 कार्यदिवस बचते हैं। इतने कम समय में 28 लाख से अधिक किसानों से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदना व्यावहारिक रूप से बेहद कठिन है। जब पंजीकृत किसानों की संख्या 28 लाख से पार है और लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन का है, तब शुरुआती दिनों में ही खरीदी की ऐसी सुस्ती और दिनों की कटौती यह साबित करती है कि सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने के प्रति गंभीर नहीं है।कांग्रेस यह मांग करती है कि राज्य सरकार धान खरीदी की रफ्तार तत्काल बढ़ाए, मैनुअल टोकन में पारदर्शीता बरते, खरीदी की अवधि को बिना किसी कटौती के सुचारू और पर्याप्त रखे, तथा सभी पंजीकृत किसानों से उनके हिस्से का पूरा धान बिना किसी बाधा के खरीदे। यदि सरकार ने किसानों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई के लिए सड़क से सदन तक कड़ा संघर्ष करेगी।