किरंदुल :अय्यप्पा सेवा समिति, किरंदुल द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री अय्यप्पा का 41 दिवसीय पूजा कार्यक्रम राघव मंदिर परिसर में भव्यता और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को रात्रि 7:00 बजे नीरांजनम एवं शांति पूजा का आयोजन किया गया। इस विशेष पूजा में नारियल में दिया बनाकर भगवान अय्यप्पा की आराधना की गई, जो अय्यप्पा पूजा की प्राचीन परंपरागत विधि का महत्वपूर्ण अंग है।
पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी और भजनों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने भगवान श्री अय्यप्पा के दर्शन कर शांति, समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना की।
अय्यप्पा सेवा समिति के अनुसार 41 दिवसीय इस महापूजा कार्यक्रम में प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं। पूजा को विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए पंडित जया कृष्णन भट्टाथिरी को विशेष रूप से बुलाया गया है।
पूरे 41 दिन तक चलने वाले इस महापूजा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।