रायपुर : पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 25 नवंबर 2026 को शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बिरगांव, रायपुर में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर कमिश्नरेट से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती स्नेहिल साहू द्वारा व्याख्यान के माध्यम से उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया। उन्हें अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
महिला सुरक्षा एवं आत्म-सुरक्षा पर विशेष जोर
महिला सुरक्षा के संबंध में छात्राओं को अपने अधिकारों, सुरक्षा के प्रति सजगता तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असामाजिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण निर्माण में अपनी भूमिका निभाने तथा किसी भी अनुचित घटना को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
यातायात नियमों के पालन की दी समझाइश
यातायात जागरूकता के अंतर्गत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहने एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की संयोजक डॉ. सौम्या रामटेके एवं प्राचार्य डॉ. प्रीति शर्मा , शिक्षक गण सहित लगभग 250 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में रुचि लेते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों से अपील करती है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।