किरंदुल : दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में कलिंगा सोशल वेलफेयर समाजसेवी संस्था (KSW) ने अपना 11वां स्थापना दिवस सेवा और समर्पण के साथ मनाया। इस अवसर पर संस्था की टीम ने नगर के फुटपाथों पर रात गुजारने वाले निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े वितरित किए।
संस्था के अध्यक्ष रवि दुर्गा के नेतृत्व में यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों ने जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उन्हें गर्म कपड़े बांटे और ठंड से बचाव के लिए सहयोग किया।
मानव सेवा ही हमारी पहचान : रवि दुर्गा
अध्यक्ष रवि दुर्गा ने कहा कि जनसेवा ही संस्था की पहचान है और मानव सेवा सर्वोपरि है। हमारा उद्देश्य उन लोगों तक सहायता पहुंचाना है, जिन्हें वास्तव में गर्म कपड़ों और भोजन की जरूरत है। संस्था ऐसे जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का माध्यम बनकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से KSW संस्था दंतेवाड़ा जिले व बैलाडीला क्षेत्र में समाज-जनसेवा के कार्य में सक्रिय है।
कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को मिली राहत
नगर में फुटपाथों पर रात्रि विश्राम करने वाले लोगों को गर्म कपड़े वितरित कर संस्था ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस पहल से ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कलिंगा सोशल वेलफेयर समाजसेवी संस्था अपने स्थापना दिवस को हर वर्ष सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाती रही है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित लोगों तक यथासंभव सहायता पहुंचाना है।
ये सदस्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में संस्था प्रमुख रवि दुर्गा, महासचिव किशोर जाल, संरक्षक दिनेश साहू, मीडिया कोऑर्डिनेटर बी. रामबाबू, उपाध्यक्ष तनु क्षत्रिय, उपाध्यक्ष जानेंद्र साहू तथा सदस्य आशीष गोना, प्रेम जाल और अश्वनी साहू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।